अपना झाबुआ
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं मध्यप्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जन्मदिवस पर होने वाले आयोजनों की जानकारी दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है।मध्यप्रदेश में भी इस अवसर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और मध्यप्रदेश सरकार,भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तथा समाज जन उत्साहपूर्वक इस समारोह को मनाएंगे। वहीं,प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने कहा कि जनजातीय गौरव यात्राओं के समापन समारोह से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी जुड़ेगे।इस अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में जनजातीय प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
11 नवंबर से निकलेंगी जनजातीय गौरव यात्राएं-श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा के 150 वें जन्मदिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 11 नवंबर से प्रदेश के 24 जिलों की 47 जनजातीय बहुल विधानसभाओं से जनजातीय गौरव यात्राएं निकलेंगी।ये यात्राएं हरदा, अनूपपुर,डिंडोरी,मंडला, बालाघाट,सिवनी,छिंदवाड़ा, पांढुर्णा,खरगोन,बड़वानी, अलीराजपुर,झाबुआ,धार, रतलाम,सीधी,सिंगरौली, शहडोल,बैतूल,कटनी, बुरहानपुर,खंडवा,जबलपुर, उमरिया और देवास जिलों में लगातार 4 दिनों तक चलेंगी।इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के तहत जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन, विशिष्ठ जनजातीय व्यक्तियों का सम्मान,कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में कार्यक्रम, जनजातीय स्मारकों,देवस्थानों की साफ सफाई,संरक्षण एवं दीपोत्सव किया जाएगा। यात्राओं के दौरान चौपालों का आयोजन होगा और यात्राओं का रात्रि विश्राम गांवों में होगा। यात्राओं का समापन 15 नवंबर को जबलपुर और अलीराजपुर में होगा।
25 साल के जीवन में देश-समाज को दिशा दे गए भगवान बिरसा मुंडा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को एक किसान परिवार में हुआ था।उनकी शिक्षा पहले एक मिशनरी स्कूल में हुई, लेकिन बाद में जब उन्हें लगा कि उनकी शिक्षा सही दिशा में नहीं है,तो वे अपने पारंपरिक धर्म की ओर लौट आए।उन्होंने देखा कि आदिवासियों का सामाजिक और आर्थिक शोषण हो रहा है।हमारे सांस्कृतिक ताने-बाने पर हमले हो रहे हैं,तो उन्होंने अंग्रेज सरकार के खिलाफ विद्रोह कर दिया। उन्हें सन् 1900 में गिरफ्तार कर लिया गया और गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद ही उनकी मृत्यु हो गई।भगवान बिरसा मुंडा सिर्फ 25 साल जीवित रहे,लेकिन इतनी कम आयु में उन्होंने देश और समाज को नई दिशा दी।उन्होंने आदिवासी समाज के सुधार के लिए शराबबंदी,चोरी न करने और झूठ से दूर रहने जैसे अनेक नियम बनाए।उनके संघर्ष,त्याग और बलिदान को सम्मान देते हुए आदिवासी समाज के लोग उन्हें ‘धरती आबा’ यानी धरती के भगवान या पिता के रूप में पूजते हैं।
हर क्षेत्र की जनजातीय प्रतिभाओं का करेंगे सम्मान-श्री विजय शाह
मध्यप्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री श्री विजय शाह ने पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने एक विस्तृत कार्य योजना बनाई है,जिनमें पार्टी कार्यकर्ता, जनजातीय समाज के लोग तथा अन्य समाजों के लोग भी सहभागिता करेंगे।उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के समापन पर जबलपुर में बड़ा कार्यक्रम होगा,जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी जुड़ेंगे।उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों की जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने की योजना है।हमने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया है कि वर्ल्ड कप विजेता महिला क्रिकेट टीम में शामिल मध्यप्रदेश की खिलाड़ी क्रांति गौड़ को प्रदेश सरकार द्वारा दी जाने वाली 1करोड़ रुपये की सम्मान राशि भी इस कार्यक्रम में दी जाए। इसके अलावा हम उन छात्रों से भी इस समारोह में शामिल होने का आग्रह कर रहे हैं,जो मध्यप्रदेश सरकार की योजना के अंतर्गत विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सरकार उन्हें भारत आने-जाने का किराया भी देगी। इसके अलावा गायन,वादन, अभिनय आदि क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी उपस्थित रहे।





