“बाबा साहब के विचार सामाजिक समरसता और सशक्त भारत की आधारशिला हैं”- पवन पाटीदार

अपना झाबुआ

दतिया। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार का एक दिवसीय दतिया प्रवास विविध कार्यक्रमों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रवास के दौरान पाटीदार के झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।उन्होंने इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह ही संगठन की वास्तविक शक्ति है।

दतिया प्रवास के दौरान पाटीदार को सर्वसुख प्रदायिनी, राजराजेश्वरी मां पीतांबरा पीठ में दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

 

इसके पश्चात बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर ग्राम बड़ोनी (जिला दतिया) में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पाटीदार ने श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा, जिला भाजपा अध्यक्ष रघुबीर कुशवाह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी का जीवन संघर्ष,समर्पण और सामाजिक न्याय का अद्वितीय उदाहरण है।उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को अधिकार दिलाने का जो कार्य किया,वही आज हमारे संविधान और लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समरस,सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

इसके पश्चात पाटीदार ने दतिया में मां अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।उन्होंने कहा कि पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर के महान कार्य आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

इसके उपरांत जिला भाजपा कार्यालय दतिया में आयोजित बैठक में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।इस अवसर पर संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह, जिला महामंत्री अतुल चौधरी,पिछड़ा मोर्चा प्रदेश महामंत्री रविंद्र लोधी,प्रदेश उपाध्यक्ष संजय यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रवास के दौरान पाटीदार ने दतिया के पार्षद कल्लू कुशवाह के निधन पर उनके निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की एवं शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।