अपना झाबुआ

आद्यशक्ति मां नवदुर्गा की आराधना के प्रमुख शारदीय नवरात्र पर्व के आगमन में अब एक ही दिन बचा है,सनातन धर्म के सबसे बड़े पर्व के नजदीक आते ही तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है,जिले में अधिकांश स्थानों में मातारानी के दरबार में साफ-सफाई,रंगरोगन का काम पूरा हो गया है तो कही कही युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है,मंदिर के साथ साथ अब मां के दरबार और गरबा पंडालों में सजावट की जा रही है,मंदिरों में जहां तरह-तरह के कृत्रिम फूलों से सजावट की जा रही है तो वहीं पंडालों में आकर्षक विद्युत साज सज्जा का दौर भी अंतिम स्तर पर चल रहा है।
नगर में दो स्थानों पर होंगे गरबा कार्यक्रम

शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व में नगर के दोनों पंडालों के सदस्यों में अपार उत्साह का संचार देखने को मिल रहा है तो वही नगर में मातारानी के विभिन्न स्वरूपों वाली आकर्षक मूर्ति,चुनरी और झंडे से दुकानें भी सज गई है,जगत जननी मां नवदुर्गा की भक्ति को लेकर हर तरफ उत्सवी माहौल बना हुआ है।खवासा नगर में परंपरानुसार प्राचीन रोग्या देवी मंदिर पर विगत कई वर्षों से तो हनुमान चौक पर विगत 13वर्षों से घट स्थापना कर गरबे का आयोजन किया जा रहा है,आयोजक समिति श्री रोग्या देवी मित्र मंडल और श्री संकट मोचन मित्र मंडल के सदस्यों ने नगर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से मातृशक्ति के इस पर्व पर आने का निमंत्रण देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील करी है।





