मोदीजी ने विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है उसे हम सबको मिलकर आगे बढ़ाना है-निर्मला भूरिया

अपना  झाबुआ


देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 साल पूर्ण होने पर ‘संकल्प से सिद्धी‘ अभियान के तहत जिला भाजपा ने प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया। इसे मुख्य वक्ता के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, संकल्प से सिद्धि अभियान के जिला टोली संयोजक महेश सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा एवं निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा व जिला महामंत्री निर्मल कटारिया मंचासीन रहे।
कैबिनेट मंत्री सुश्री भूरिया ने विकसित भारत की संकल्पना और उसमें हमारी भूमिका विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी की संकल्पना है कि जो भी कार्य ऊपर से शुरू होता है उसे नीचे तक उतारा जाए। 21वीं सदी भारत की है। मोदीजी ने विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है उसे हम सबको मिलकर आगे बढ़ाना है। सुश्री भूरिया ने केन्द्र सरकार के विभिन्न कार्यों पर विस्तार से प्रकाश भी डाला। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने इससे पूर्व ‘सशक्त भारत-सुरक्षित भारत’ विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में 11 वर्षों के दौरान भारत ने अपनी सुरक्षा को अटूट बनाया है। इस दौरान देश ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का लोहा बनवाया है जो इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। महापौर प्रहलाद पटेल ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदीजी के प्रयासों से भारत दुनिया की 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। सरकार ने हर वर्ग के कल्याण की योजनाएं चलाई है और देश को आत्मनिर्भर बनाया है। यह सरकार देशवासियों की प्रगति का आधार है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया। आभार जिला टोली संयोजक महेश सोनी ने माना। कार्यक्रम के अंत में अहमदाबाद में हुए हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों को मौन श्रद्धांजलि दी गई एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

अहमदाबाद हादसे के बाद प्रदर्शनी का उद्घाटन स्थगित
भाजपा ने अहमदाबाद हादसे की सूचना मिलने के बाद शाम को संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन स्थगित कर दिया। कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने अहमदाबाद हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का हादसे का शिकार होना दुखद है। उनके रूप में भाजपा ने एक कर्मठ नेतृत्व खो दिया है।